वर्ष 2014 में ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल विजेता विकास ठाकुर हमीरपुर में चल रही राज्य ओलंपिक खेलों में भाग लेने पहुंचे। यहां उन्होंने 85 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया है। शनिवार को हमीरपुर खेल स्टेडियम में विकास ने 131 किलोग्राम भार और क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम भार उठाकर यह गोल्ड मेडल जीता है।
विकास जिला हमीरपुर के गांव पटनौण के रहने वाले हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारोत्तोलन में कई बार भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वर्तमान में विकास भारतीय वायुसेना में जूनियर वारेंट ऑफिसर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। 2009 में उन्होंने महाराष्ट्र में हुई नेशनल गेम्स में सर्वप्रथम भाग लिया था।
वर्ष 2011 में उन्होंने जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता। इसके बाद उनकी सिलेक्शन इंडिया कैंप के लिए हुई। भारत की ओर से उन्होंने सबसे पहला मुकाबला जूनियर एशियन चैंपियनशिप में थाइलैंड में वर्ष 2011 में खेला, जहां पर उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया। उसके बाद उन्होंने भारत की तरफ से प्रतिनिधित्व करते हुए कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। विकास पांच बार भारोत्तोलन में नेशनल चैंपियन रह चुके हैं।
कॉमन वेल्थ चैंपियनिशिप के लिए हुआ चयन
विकास ठाकुर ने बताया कि 19 जून को कॉमन वेल्थ चैंपियनशिप के लिए ट्रायल हुआ था, जिसमें उनका चयन हुआ है। सितंबर माह में यह चैंपियनशिप होगी। उसका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक है।