हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) पोस्ट कोड-829 के पदों को भरने के लिए ली गई परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। 156 पदों के लिए ली गई इस परीक्षा के बाद बिजली बोर्ड को 154 कनिष्ठ अभियंता मिले हैं, जबकि दो पद पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण रिक्त रहे हैं। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि 156 पदों के लिए 9205 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 7725 योग्यता में पात्र पाए गए। आठ अगस्त 2021 को लिखित परीक्षा में 5566 ने भाग लिया। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण 478 अभ्यर्थियों की मूल्यांकन परीक्षा 13 से 16 दिसंबर 2021 और 21 मार्च 2022 को हुई। जिसमें 154 अभ्यर्थी इन पदों के लिए उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि ओबीसी वार्ड ऑफ फ्रीडम फाइटर वर्ग से पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण दो पद खाली रहे हैं। अभ्यर्थी अयोग की वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग को मिली 87 स्टाफ नर्स
प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने मंगलवार को स्टाफ नर्स पोस्ट कोड 893 के 90 पदों के लिए ली गई परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग को 87 नई स्टाफ नर्स मिली हैं, जबकि तीन पद पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण खाली रहे हैं। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि इन पदों के लिए 10590 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
जिनमें से 1129 ही पात्र पाई गई। पांच अगस्त 2021 को लिखित परीक्षा में 846 उपस्थित हुईं। 244 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा पास की। इनकी मूल्यांकन परीक्षा 29 दिसंबर 2021 से 31 दिसंबर 2021 तक हुई। 87 अभ्यर्थियों का चयन इन पदों के लिए किया गया है। अनुसूचित जनजाति वार्ड ऑफ एक्स सर्विसमैन वर्ग से पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण तीन पद खाली रहे हैं।
ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट की मूल्यांकन परीक्षा
वहीं हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट पोस्ट कोड-944 की लिखित छंटनी परीक्षा को रद्द कर दिया है। अब इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों को शर्तों के अनुसार सीधे 15 अंकों की मूल्यांकन परीक्षा के लिए बुलाया गया है। मूल्यांकन परीक्षा 30 मार्च को आयोग के कार्यालय में होगी। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने कहा कि अभ्यर्थियों को डाक के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर अधिक जानकरी ले सकते हैं।