फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: बर्फबारी से पर्यटन कारोबार में लौटी बहार, वीकेंड के लिए होटल बुकिंग बढ़ी; पर्यटकों में भारी उत्साह

Mon, 26 Oct 2026 10:16 AM IST
Ankesh Dogra अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे, नारकंडा और डलहौजी में बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबारियों में उत्साह बढ़ गया है। बर्फ देखने के लिए पर्यटक होटलों में फोन कर मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
विज्ञापन
मनाली-लेह मार्ग पर शिकुंला दर्रा पर हुई ताजा बर्फबारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ही पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। रोहतांग दर्रे के बाद शिमला के नारकंडा और चंबा के डलहौजी में बर्फ की सफेद चादर बिछने से जहां सैलानियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं होटल व पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। वीकेंड के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग और इंक्वायरी बढ़ने से पर्यटन उद्योग में फिर बहार लौट आई है।

विज्ञापन
Trending Videos

हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर मौसम का मिजाज बदलते ही कुदरत ने सफेद चादर ओढ़ ली है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली के रोहतांग दर्रे में ताजा बर्फबारी के बाद अब शिमला जिले के नारकंडा और चंबा के खूबसूरत हिल स्टेशन डलहौजी में बर्फबारी हुई है। पर्यटन स्थलों पर बर्फ की सफेद चादर बिछते ही वादियां चांदी सी चमकने लगी हैं और पहाड़ियों का नजारा दिलकश हो गया है। बर्फबारी की खबर फैलते ही सैलानी सुहावने मौसम और बर्फ के दीदार के लिए पहाड़ों का रुख करने को बेताब हैं। बर्फ की इस पहली दस्तक ने पर्यटन उद्योग को संजीवनी देने का काम किया है। मंदी की मार झेल रहे होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों, रेस्तरां संचालकों और पर्यटन व्यवसाय से सीधे जुड़े छोटे-बड़े दुकानदारों को आगामी दिनों में शानदार कारोबार होने की पूरी उम्मीद जग गई है।

ताजा बर्फबारी के चलते प्रदेश के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होटलों में पूछताछ के लिए फोन की घंटियां बजनी शुरू हो गई हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से टूरिस्ट लगातार फोन कर बर्फबारी की स्थिति और रास्तों का हाल जान रहे हैं। आगामी वीकेंड को देखते हुए सैलानियों ने अभी से होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में पर्यटन स्थलों के पूरी तरह पैक रहने की संभावना है।
विज्ञापन

अच्छा सीजन जाने की उम्मीद
नारकंडा की हाटू पीक पर हल्की बर्फ गिरी है। आने वाले दिनों में अच्छा स्नोफॉल होने की उम्मीद है। बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए भारी संख्या में टूरिस्ट नारकंडा पहुंचते हैं। इस साल भी अच्छा सीजन जाने की पूरी उम्मीद है। - विक्रांत श्याम, पर्यटन कारोबारी, नारकंडा

डलहौजी की पहाड़ियों पर बर्फबारी के बाद सैलानियों का रुझान तेजी से बढ़ा है। टूरिस्ट फोन कर बर्फ के बारे में पूछ रहे हैं और कमरों की बुकिंग करवा रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों में उत्साह है। -रितेश महाजन, पर्यटन कारोबारी, डलहौजी

ताजा बर्फबारी पर्यटन उद्योग के लिए बूस्टर साबित होगी। वीकेंड के लिए होटलों में कमरों की मांग बढ़ गई है। जिस तरह से इंक्वायरी आ रही है, उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सैलानियों में भारी इजाफा देखने को मिलेगा।- देवेंद्र वर्मा, अध्यक्ष, फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें