भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी के बीच मंगलवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई। बुधवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। गुरुवार के लिए भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी हुई है। 30 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम खराब रहा। ऊंचाई वाले बर्फबारी होने से प्रदेश भर में मौसम ठंडा हो गया है। शिमला में सुबह के समय बादल छाए रहने के साथ हल्की धूप खिली। दोपहर बाद करीब तीन बजे शहर में बादल जमकर बरसे।
इस दौरान ओलावृष्टि भी हुई। ऊना, धर्मशाला, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी सहित प्रदेश भर में मंगलवार दोपहर बाद बारिश हुई।मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 24.4, कांगड़ा में 18.3, सुंदरनगर में 20.0, चंबा में 16.1, नाहन में 25.4, सोलन में 25.0, धर्मशाला में 15.6 और शिमला में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आया है। बुधवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 26 मार्च को दोबारा भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी है। उन्होंने बताया कि तीस मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।