संजौली कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं को छात्र बस में लाने के मामले की जांच के बीच हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अब पूरी प्रक्रिया को नए सिरे से और पुख्ता करने की दिशा में कदम उठा रहा है। घटना के बाद उठे सुरक्षा सवालों के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मूल्यांकन शाखा ने यह स्पष्ट किया है कि सभी उत्तर पुस्तिकाएं सील थीं और उनमें किसी तरह की छेड़छाड़ के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, उन्हें लाने-ले जाने के तरीके को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। विश्वविद्यालय ने मूल्यांकन शाखा के अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन के लिए नया प्रोटोकॉल तैयार किया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने कहा कि विश्वविद्यालय ने ऐसे मामलों को देखने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद विश्वविद्यालय के भीतर परीक्षा प्रबंधन को लेकर आंतरिक समीक्षा भी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि नियम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पालन की निगरानी भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन प्रक्रिया में जिम्मेदारी तय करने, निगरानी बढ़ाने और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने पर काम किया जा रहा है।