हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) करवाचौथ पर सैलानियों के लिए विशेष पैकेज लांच करने जा रहा है। करवाचौथ पर निगम के होटलों में ठहरने वाले अतिथियों को सरगी और पूजा की थाली मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी। इतना ही नहीं करवाचौथ पर निगम के होटलों में दो दिन ठहरने पर तीसरे दिन मुफ्त ठहरने की सुविधा भी होगी।
करवाचौथ मनाने हिल्स क्वीन आने वाले सैलानियों को एचपीटीडीसी खास तोहफा देने वाला है। निगम के होटलों में ठहरने वालों को करवाचौथ की सुबह सरगी में फैनी, फल, दूध, मिठाई और मट्ठी उपलब्ध करवाई जाएगी।
शाम के समय पूजा की थाली में चावल, ड्राई फ्रूट, दूब, फूल, कुमकुम, धूप और दीपक भी मुहैया करवाए जाएंगे। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले सैलानियों को करवा चौथ के मौके पर दो दिन निगम के होटल में ठहरने पर तीसरे दिन मुफ्त ठहरने की सुविधा भी दी जाएगी।
दो दिन ठहरने पर एक दिन फ्री
करवाचौथ
करवाचौथ को लेकर निगम के होटलों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। करवाचौथ पर होटलों को विशेष तौर पर सजाया संवारा जाएगा। होटल में ठहरने वाले नवविवाहित जोड़ों का खास स्वागत किया जाएगा और उन्हें व्रत से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
एचपीटीडीसी के महाप्रबंधक विजय शर्मा ने बताया कि करवाचौथ के लिए पर्यटन विकास निगम ने विशेष पैकेज तैयार किया है। दो दिन ठहरने पर एक दिन मुफ्त ठहरने की सुविधा दी जाएगी। व्रत रखने वाली महिलाओं को सरगी और पूजा की थाली सहित अन्य जरूरत का सामान निगम की ओर से उपलब्ध करवाया जाएगा।
करवाचौथ पर 40 फीसदी डिस्काउंट में घूमें शिमला
करवाचौथ
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ने सैलानियों को करवाचौथ के दिन हिल्सक्वीन के पर्यटन स्थल 40 फीसदी डिस्काउंट पर घुमाने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से नवविवाहित जोड़ों के लिए करवाचौथ पर विशेष पैकेज लांच किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी पर नवविवाहित जोड़ों का स्वागत कर उन्हें बिना किसी किराये के होटल तक पहुंचाया जाएगा। करवाचौथ के दिन 40 फीसदी डिस्काउंट पर सैलानियों को शहर के पर्यटन स्थल घुमाए जाएंगे।
रात के समय सैलानियों को शिमला के जाने माने करवाचौथ प्वाइंट ‘रिज मैदान’ ले जाया जाएगा, जहां सैलानी चांद देख कर व्रत खोल पाएंगे।
होटलों में सौ फीसदी आक्यूपैंसी
करवाचौथ
छुट्टियों में हिल्सक्वीन सैलानियों से पैक हो गई है। मैदानी इलाकों से भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शहर के होटलों में आक्यूपैंसी सौ फीसदी पहुंच गई है।
होटल पैक होने के बाद सैलानियों को कमरे ढूंढने के लिए यहां वहां भटकना पड़ा। शहर की पार्किगें भी पैक हो गई, जिसके बाद सैलानियों को गाड़ी खड़ी करने के लिए भी जगह नहीं मिली।
हिल्सक्वीन शिमला में एकाएक सैलानियों की आमद बढ़ गई है। बीते करीब तीन महीनों के बाद शहर सैलानियों से गुलजार हो गया है। एक साथ तीन दिनों की छुट्टियों के चलते शिमला पहुंचने वाले पर्यटकों की तादाद में भारी बढ़ोतरी हुई है।
कुछ लोगों ने छुट्टियों में शिमला आने के लिए एडवांस बुकिंग कर रखी थी जिन्हें रियायती दरों पर कमरे मिल गए जबकि स्पॉट बुकिंग करने वाले टूरिस्टों को महंगी दरों पर कमरे लेने पड़े।
शिमला में बंगाली टूरिस्टों का भी रश
करवाचौथ
एचपीटीडीसी की लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रही। सैलानियों की संख्या में हुई भारी वृद्धि के बाद शिमला में पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं।
होटिलियर एसोसियेशन के अध्यक्ष हरनाम सिंह कुकरेजा ने बताया कि तीन छुट्टियां पड़ने के कारण शिमला में सैलानियों की आमद बढ़ी है। कमरों की भारी संख्या में एडवांस बुकिंग भी हुई है।
छुट्टियों के चलते शहर में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। आक्यूपैंसी सौ फीसदी तक पहुंच गई है। शिमला के साथ लगते राज्यों से सैलानी की आमद हुई है। - मनु सूद, महासचिव, ट्रेवल एजेंट एसोसियेशन
शिमला में इन दिनों बंगाली टूरिस्टों का भी खासा रश चल रहा है। दुर्गा पूजा की छुट्टियों के चलते भारी संख्या में बंगाली टूरिस्ट शिमला पहुंचे हुए हैं। शिमला के साथ साथ यह टूरिस्ट ऊपरी शिमला विशेषकर किन्नौर का भी रुख कर रहे हैं।