हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग ने राज्य स्तरीय विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का मकसद प्रतिबंधित और नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री, दुरुपयोग और डायवर्जन पर प्रभावी अंकुश लगाना था। गुप्त सूचनाओं के आधार पर अब तक प्रदेशभर में 100 से अधिक संदिग्ध केमिस्ट और मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया जा चुका है। ऑविशेष अभियान के तहत सोलन में 6, सिरमौर 5, बद्दी 8, मंडी 5, कुल्लू 2, हमीरपुर 3, बिलासपुर 8, कांगड़ा सबसे अधिक 19, नूरपुर 7, चंबा 6 और ऊना 11 दुकानों की गहन जांच की गई। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट सहित अन्य कानूनों के तहत लाइसेंस, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर, मेडिकल पर्चे, बिलिंग और डिजिटल लेन-देन की बारीकी से जांच की गई।