कॉर्निया ट्रांसप्लांट के लिए आवश्यक मेडिकल फैकल्टी भी विभाग में मौजूद है। नेत्र बैंक के स्टाफ को प्रशिक्षित करने और लैब को पूरी तरह तैयार करने के बाद ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कॉर्निया ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया किडनी ट्रांसप्लांट की तरह होती है, जिसमें नियामकीय (रेगुलेटरी) अनुमति की आवश्यकता होती है। जब तक संस्थान को आवश्यक लाइसेंस नहीं मिल जाता, तब तक सेवा शुरू नहीं की जा सकती। लाइसेंस मिलने में लगभग छह माह का समय लग सकता है। ऐसे में निर्माण कार्य पूरा होने, उपकरणों की आपूर्ति और लाइसेंस प्रक्रिया को मिलाकर आगामी 8 से 9 माह में यह सुविधा शुरू हो सकती है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो वर्ष 2026 के मई तक प्रदेश के लोगों को एम्स बिलासपुर में कॉर्निया ट्रांसप्लांट की सुविधा मिलने लगेगी। फिलहाल प्रदेश में शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में ही आई बैंक की सुविधा उपलब्ध है। बिलासपुर एम्स में इस सुविधा के शुरू होने से प्रदेश ही नहीं, बाहरी राज्यों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
कब और क्यों जरूरी होता है कॉर्निया ट्रांसप्लांट
कॉर्निया प्रत्यारोपण को मेडिकल भाषा में केराटोप्लास्टी या कॉर्नियल ग्राफ्ट कहा जाता है। यह प्रक्रिया दृष्टि सुधारने, दर्द से राहत देने और गंभीर संक्रमण या क्षति के इलाज के लिए की जाती है। सबसे आम कारणों में केराटोकोनस नामक स्थिति शामिल है, जिसमें कॉर्निया का आकार विकृत हो जाता है, जिससे दृष्टि पर प्रभाव पड़ता है।