विधानसभा परिसर में शुक्रवार को हुए घटनाक्रम पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि उन्हें इस घटनाक्रम से गहरा दुख पहुंचा है। सदन और परिसर में जो हुआ वह सांविधानिक मर्यादाओं के अनुकूल नहीं था। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में उन्होंने बिना भेदभाव सभी का सम्मान किया है और राजभवन में सभी का स्वागत किया है। जिन कांग्रेस विधायकों ने जो आचरण किया, वे खुद सरकार का हिस्सा रहकर सांविधानिक परंपराओं के रक्षक रहे हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। उन्होंने अपील की कि सदन में चर्चा कर समस्याओं का समाधान करें और सदन की गरिमा बनाए रखें।