हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की खेल एवं पाठ्येतर परिषद ने 15 निजी और सरकारी कॉलेजों के अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी है। परिषद ने बकाया स्पोर्ट्स फीस बार-बार सूचित किए जाने के बाद भी जमा न करवाने पर कार्रवाई की है।
विज्ञापन
परिषद सचिव और विवि के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशक ने कॉलेजों की सूची वेबसाइट पर जारी की है। इन कॉलेजों में च्वाई, घुमारवीं, पांवटा साहिब, हरिपुर मनाली, एमएससीएम गवर्नमेंट कॉलेज थुरल, बरोह, करसोग, सरकाघाट, सबाथू, शिवनगर कॉलेज, गुडागुसाईं कॉलेज, यूआईआईटी एचपीयू, गवर्नमेंट कॉलेज चिंतपूर्णी, मजहीन कॉलेज और एचपीयू का अपना ही यूआईएलएस संस्थान शामिल है।
कहा गया है कि कॉलेजों को बकाया फीस जमा करवाने को लेकर पत्र जारी किए गए थे, लेकिन प्रबंधन ने इसे गंभीरता से लिया ही नहीं। ऐसे में कार्रवाई के सिवाए कोई दूसरा रास्ता नहीं था। वार्षिक बैठक में लिए निर्णय के अनुसार बकाया फीस जमा किए जाने पर ही कॉलेजों की टीमें इंटर कॉलेज स्पर्धाओं में हिस्सा ले सकेंगी। यदि ये कॉलेज तय की खेल स्पर्धाओं की तिथि से पहले फीस जमा करवाते हैं, तो ही टीमें इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगी।