दिव्यांग और वृद्ध पेंशनरों सहित प्रदेश के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों की पेंशन अब सीधे डाक खाते में आएगी। इसके लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने डाक विभाग के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर किया है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री की ओर से दिए लिखित जवाब में बताया गया कि अब अग्रिम तौर पर हर तीन महीने की पेंशन पहले महीने में मिल जाया करेगी।
मिड डे मील वर्करों का मानदेय नहीं बढ़ाएगी सरकार
शिमला। प्रदेश सरकार मिड डे मील वर्करों का मानदेय नहीं बढ़ाएगी। शिक्षा मंत्री ने विधायक आशा कुमारी के एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि वर्तमान में 1800 रुपये मानदेय वर्करों को दिया जा रहा है। साथ ही कहा कि सरकार फिलहाल उनका मानदेय बढ़ाने पर विचार नहीं रखती।
विधायकों-प्रधानों को भी देना होगा सहयोग
शिमला। प्रदेश में सफाई व्यवस्था व कूड़ा प्रबंधन के लिए स्थानीय निकाय के पदाधिकारियों और विधायकों को भी सहयोग देने की जरूरत है। यह बात शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने एक सवाल के जवाब में कही। कुल्लू विधायक के सवाल के जवाब में सरवीण ने कहा कि कुल्लू और भुंतर में कचड़ा डिस्पोजल प्लांट लगाने के लिए जमीन पर स्थानीय ग्राम पंचायत अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दे रही। जिसकी वजह से प्लांट नहीं लग पा रहा है। कहा कि सफाई सभी की जिम्म्ेदारी है और भागीदारी व जिम्मेदारी से ही साफ माहौल रखा जा सकता है। सरवीण ने विधायकों से अपील की कि वह कचरा प्रबंधन प्लांट लगाने के लिए स्थानीय लोगों से संपर्क कर जमीन दिलाएं ताकि विभाग वहां प्लांट लगाने का काम कर सके।