हिमाचल प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की 156 कनिष्ठ लिपिक पदों के लिए प्रदेश भर के 153 परीक्षा केंद्रों में लिखित परीक्षा करवाई गई। रविवार को आयोजित बैंक भर्ती परीक्षा में ट्राइबल एरिया काजा और केलांग के करीब डेढ़ सौ परीक्षार्थियों ने मनाली और कुल्लू में परीक्षा दी।
लिखित परीक्षा से ठीक दो दिन पहले ट्राइबल एरिया में हुई बर्फबारी के बाद यहां के अभ्यर्थियों ने बोर्ड से परीक्षा केंद्र बदलने की मांग की थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए परीक्षा से ठीक पहले केंद्र बदलकर इन परीक्षार्थियों की परीक्षा कुल्लू और मनाली परीक्षा केंद्रों में करवाई गई। प्रदेश के अन्य परीक्षा केंद्रों में भी परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से किया गया।
स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक भर्ती परीक्षा के लिए बोर्ड से 64255 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से अधूरे फार्म और फीस की डिटेल न होने पर बोर्ड ने करीब साढे़ 14 हजार फार्म रद्द कर दिए थे, जबकि 49522 अभ्यर्थियों को रोलनंबर जारी किए गए थे।
उधर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव विनय धीमान ने बताया कि ट्राइबल एरिया में बर्फबारी के चलते अभ्यर्थियों ने केंद्र बदलने की मांग की थी। इस पर अभ्यर्थियों की मेरिट को देखते हुए अन्य परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने की अनुमति दी गई थी।
चुनावों तक करना पड़ेगा परिणाम का इंतजार- स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लिपिक भर्ती की लिखित परीक्षा में बैठे परीक्षार्थियों को परिणाम के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। प्रदेश में पंचायत चुनावों की प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही लिखित परीक्षा का परिणाम बोर्ड घोषित करेगा। बोर्ड सूत्रों की मानें तो पंचायत चुनावों के तुरंत बाद लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।