फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल में तीन सड़क हादसे, एचआरटीसी कडंक्टर समेत 7 लोगों की मौत, दो घायल

Sat, 05 Jan 2019 12:45 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, तीसा (चंबा)/ददाहू/ संगड़ाह/ शिलाई (सिरमौर)
विज्ञापन
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। ये हादसे चंबा और सिरमौर जिले में हुए हैं। चंबा जिले चुराह में दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। चंबा-चांजू मार्ग पर चांजू जीरो प्वाइंट के समीप जीप दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई।

विज्ञापन


दूसरे हादसे में ढांक से पांव फिसल कर खाई में गिरने से एक युवक की मौत हुई है। दोनों मामलों की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर शव अपने कब्जे में लेकर शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द किए। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार रुपये फौरी राहत दी गई है। 

चंबा-चांजू मार्ग पर चांजू जीरो प्वाइंट के समीप जीप दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन लोगों की मौत हो गई। चालक घायल हो गया। मृतकों की पहचान उपेंद्र पुत्र खेम राज निवासी, गांव लेसूंई, चुराह, बिट्टू पुत्र बलदेव, निवासी चुल्दा, तहसील चुराह और टेक चंद पुत्र प्यार सिंह, निवासी भालुंई चुराह के रूप में हुई। हादसे में घायल चालक ज्ञान सिंह का उपचार सिविल अस्पताल तीसा में चल रहा है।
विज्ञापन


बताया जा रहा है कि चारों चांजू से टिकरी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान चांजू जीरो प्वाइंट के पास हादसा हो गया। इससे गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। चालक घायल है। 

नौकरी की तलाश में गया था युवक 
चुराह (चंबा)।
नौकरी की तलाश में गए युवक की ढांक से गिरने के चलते मौत हो गई। हादसा वीरवार देर शाम चुराह उपमंडल  की पंचायत जसौरगढ़ का है। मृतक की पहचान केवल पुत्र मोहन लाल निवासी, गांव जठेरा, चुराह के रूप में हुई है। युवक नौकरी की तलाश में नकरोड़ डैम साइट की तरफ गया था। इसी दौरान उसका पांव फिसला और गहरी खाई में जा गिरा।

उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इस बारे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया। जहां शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को हुआ। प्रशासन की ओर मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये फौरी राहत जारी कर दी गई है।

विज्ञापन

दो सड़क हादसों में तीन की मौत, दो घायल

ददाहू/ संगड़ाह/ शिलाई (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में वीरवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। संगड़ाह के समीप एक टिप्पर के गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों ही सहपाठी होने के साथ अच्छे दोस्त भी थे। दूसरे हादसे में शिलाई के कांडो भटनोल इलाके में एक कार गहरी खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। 

जानकारी के अनुसार वीरवार रात को रेणुका-बनोग मार्ग पर एक टिप्पर गहरी खाई में गिर गया। इसमें दो युवकों की मौत हो गई। टिप्पर संगड़ाह के दोसड़का से रजाणा की ओर जा रहा था। माइना से कुछ ही दूरी पर ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ने ददाहू अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक व्यक्ति एचआरटीसी का परिचालक था।

वह दोसड़का से लिफ्ट लेकर अपने घर नैरबागा जा रहा था। मृतकों की पहचान रजाणा निवासी चालक बलवीर सिंह (38) और नैरबागा निवासी सुरेंद्र कुमार (32) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही संगड़ाह के तहसीलदार आत्माराम नेगी व एचएचओ विलोचन नेगी मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों की सहायता से घायल चालक बलबीर को 108 एंबुलेंस में ददाहू अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। ददाहू अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। 

डीएसपी संगड़ाह अनिल धोल्टा ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार आत्माराम नेगी ने मृतकों के आश्रितों को 20-20 हजार की फौरी राहत प्रदान की है। वहीं, देर रात शिलाई में एक कार गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। कांडो भटनोल के समीप हुए हादसे में गोपाल (23) पुत्र ननकू राम निवासी कांडो भटनोल की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जबकि घायल हुए कंवर सिंह (29) पुत्र रती राम निवासी कांडों भटनोल और कपिल (22) पुत्र महेंद्र सिंह को शिलाई में प्राथमिक उपचार के बाद पांवटा रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी अशोक नेगी ने दुर्घटना की पुष्टि की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें