कुल्लू के आनी में लगातार बारिश।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। शिल्ली पंचायत के खदेड़ गांव में बादल फटने से रिहायशी मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। 62 वर्षीय महिला चबेलू देवी और उनकी दोहती प्रितिका (16) की मलबे में दबकर मौत हो गई है। प्रितिका 11 वीं कक्षा की छात्रा थी। ग्रामीणों के अनुसार चबेलू देवी घर में अपनी दोहती के साथ सोई हुई थी। बादल फटने के बाद घर की दीवार तोड़कर मलबा अंदर आ घुसा।
दोनों मलबे में दब गईं। जानकारी मिलते ही ग्रामीण किशोरी लाल ने तुरंत पंचायत प्रधान और आनी प्रशासन को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला तो दोनों की मौत हो चुकी थी। एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि सड़कें अवरूद्ध होने के कारण प्रशासन की टीम को पैदल सफर करना पड़ा जिसमें काफी समय लग गया।
करीब डेढ़ बजे पुलिस दल मौके पर पहुंचा। बीएमओ आनी डॉ. भागवत मेहता ने बताया कि शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, च्वाई क्षेत्र में भी बारिश ने गुगरा खड्ड में तबाही मचा दी। गुगरा में तीन गाडियां, एक बाइक और चिलिंग प्लांट बाढ़ की चपेट में आ गए। जाबन पंचायत के निगाडी कैंची में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। बागवानों के सेब के बगीचे क्षतिग्रस्त हुए हैं।
जगह-जगह रास्ते टूट गए हैं। आनी बाजार के साथ बहती देउरी खड्ड ने तांडव मचा दिया। आनी के पुराने बस स्टैंड में दस दुकानें खड्ड में ताश के पत्ते की तरह बह गईं। नगर पंचायत पार्षद शशि मल्होत्रा ने बताया कि पंचायत द्वारा बनाई दस दुकानों में दो होटल, पांच सब्जी की दुकानें, दो गारमेंट्स की दुकानें और एक विद्युत उपकरणों की दुकान थी।
खड्ड में दुकानें बहने से भारी नुकसान हुआ है। वहीं खड्ड के कटाव से ओल्ड बस स्टेंड और मुख्य पुल को भी खतरा हो गया है। एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। क्षेत्र में हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मृतकों के परिजनों को 15-15 हजार रुपये और दस प्रभावित दुकानदारों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत दी गई है।