राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतीराज संस्थानों में रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव करवाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के लगभग 90 पद रिक्त हैं। इनमें प्रधान के 9 पद, उपप्रधान के 3, पंचायत समिति और सदस्य ग्राम पंचायत के लगभग 78 पद शामिल हैं।
आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि आयोग इन रिक्त पदों को भरने के लिए 15 नवंबर को उपचुनाव का कार्यक्रम अधिसूचित करेगा। नामांकन 25, 26 तथा 28 नवंबर को सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक भरे जाएंगे। नामांकन की समीक्षा 29 नवंबर को होगी। नामांकन पहली दिसंबर को वापस लिए जा सकते हैं।
यदि सर्वसम्मति नहीं बनी तो मतदान 11 दिसंबर को सुबह 7 से शाम 3 बजे तक होगा। प्रधान, उप-प्रधान तथा सदस्यों के लिए मतों की गणना मतदान के तुरंत बाद की जाएगी, जबकि पंचायत समितियों के लिए मतों की गणना 12 दिसंबर को होगी। जिन पंचायतों में उपचुनाव होने हैं, उनमें आचार संहिता लागू हो चुकी है।