प्रदेश के 90 हजार छात्र 46 दिन बाद आईटी शिक्षा ग्रहण करेंगे। मांगों को लेकर पहली अक्तूबर से कक्षाओं का बहिष्कार करने वाले कंप्यूटर शिक्षक सोमवार से स्कूलों में पढ़ाएंगे। कंप्यूटर शिक्षकों ने यह निर्णय मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से आश्वासन मिलने के बाद लिया है।
प्रदेश सरकार ने कंप्यूटर शिक्षकों के मानदेय को 15 फीसदी बढ़ाने सहित संबंधित कंपनी के सेवा विस्तार को कम कर दिया है। दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने कंप्यूटर शिक्षकों के लिए छह महीने के भीतर नीति बनाने का आश्वासन भी दिया है।
हिमाचल प्रदेश कंप्यूटर एसोसिएशन (एचपीसीटीए) के मुख्य सलाहकार बलवंत पटियाल ने बताया कि प्रदेश भर में कंप्यूटर शिक्षक सोमवार को स्कूलों में पढ़ाएंगे। कंप्यूटर शिक्षकों ने पहली अक्तूबर से कक्षाओं का बहिष्कार किया था। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिले आश्वासन के बाद कंप्यूटर शिक्षकों ने कक्षाओं में जाने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर के स्कूलों में 1441 कंप्यूटर शिक्षक लगभग 90 हजार विद्यार्थियों को आईटी शिक्षा दे रहे हैं। भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कंप्यूटर शिक्षक लंबे समय से नीति बनाकर शिक्षा विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं।