हिमाचल के बिलासपुर में बीते दिन शहर के डियारा सेक्टर में देर शाम को हुए जानलेवा हमले में घायल युवक और उसे परिजन सड़क पर उतर आए हैं। पुलिस प्रशासन और रसूखदार कांग्रेस नेता के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। आरोप है कि कांग्रेस नेता के दबाव में पुलिस ने मामला गलत धाराओं में दर्ज किया है जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे हमले में घायल युवक, उनके परिजन और अन्य युवा चंपा पार्क पहुंचे। यहां रसूखदार नेता और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई। रोहित सोनी, अंकित टंडन और मनीष ठाकुर का आरोप है कि बीती शाम वह घर जा रहे थे।
डियारा सेक्टर में कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोका और मारपीट की। इन लोगों में पिंटू, किरती, राहुल डोगरा, रॉव, सोनू और सदर के रसूखदार नेता का बेटा शामिल था। उन्होंने रोहित सोनी के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने अंकित के गले से सोने की चेन भी निकाल ली।
घायल युवक की माता ने लगाई न्याय की गुहार
घायल युवक अंकित टंडन की माता बीना टंडन का आरोप है कि पिंटू नाम के आरोपी ने युवाओं के साथ मारपीट की है। ऐसे तत्वों पर लगाम कसने को सदर के विधायक को साथ देना चाहिए लेकिन उनका और पुलिस का सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हमले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
थाना प्रभारी को सौंपा शिकायत पत्र
घायल युवाओं ने सदर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह को शिकायत पत्र सौंपा। युवाओं ने मांग की है कि घायल रोहित सोनी का सरकारी चिकित्सकों के पैनल से दोबारा मेडिकल करवाया जाए। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए सही धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाए। घायल युवाओं को सिक्योरिटी देने की मांग भी की गई है।
विधायक के बेटे के कारण हुई लड़ाई
घायल युवा रोहित सोनी का आरोप है कि सदर के विधायक के बेटे के कारण लड़ाई हुई। विधायक मौके से अपने बेटे को लेकर चले गए। मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उनके सिर पर छह टांके लगे हैं। पुलिस सही धाराओं में मामला दर्ज नहीं कर रही है।
रसूखदारों के संरक्षण में हो रही गुंडागर्दी
वार्ड-5 के पार्षद नरेंद्र पंडित का आरोप है कि कुछ गुंडातत्व रसूखदारों के संरक्षण में गुंडागर्दी फैला रहे हैं। युवाओं पर हुए जानलेवा हमले को लेकर पुलिस ने सकारात्मक रवैया अपनाने की बजाय गलत धाराओं में मामला दर्ज किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि मामले की सही छानबीन के लिए उपायुक्त और एसपी को आदेश दिए जाएं।
राजनीति से प्रेरित है मामला: विधायक
कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर
सदर के विधायक बंबर ठाकुर ने कहा कि यह मामला राजनीति से प्रेरित है। इसमें उनका और उनके बेटे का कोई रोल नहीं हैं। उक्त दोनों गुटों के युवा नशे के कारोबार में संलिप्त हैं। पैसे के लेन-देन को लेकर यह मामला हुआ है। वह नशे के कारोबार के खिलाफ मुहिम चलाए हुए हैं।
इस कारण उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जल्द निष्पक्ष जांच करने को कहा है। विधायक ने कहा कि जो महिला आरोप लगा रही है वह पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। उसे कांग्रेस से पार्षद का टिकट नहीं दिया गया था।