हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती के लिए युवाओं के लिए शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया प्रदेशभर में शुरू हो गई है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति से चरणबद्ध तरीके से शुरू हुए इस ग्राउंड टेस्ट में कुल 1,01,062 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता और योग्यता साबित करेंगे। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) की ओर से 10 जुलाई 2026 को जारी विज्ञापन के तहत यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। यह समूची भर्ती हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग (कांस्टेबल भर्ती) नियम, 2024 के प्रावधानों के अनुसार करवाई जा रही है। कुल 1,01,062 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 72,586 पुरुष और 28,476 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। प्रदेश के सभी जिलों में शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसई) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन 22 अक्तूबर से 5 दिसंबर तक चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।