भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया और फिर शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंकों को दर्ज करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने वाली पुलिस ने सिपाही भर्ती में एक और अभूतपूर्व कदम जोड़ दिया है। लिखित परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को जब इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा तो उनके अंक कागज की शीट के बजाय सीधे इंटरव्यू ले रही भर्ती कमेटी के लिए बने पोर्टल पर ही दर्ज किए जाएंगे।
हर कमेटी का हर सदस्य अलग अलग बैठेगा और अपने हिसाब से अभ्यर्थी को अंक देगा। इससे न तो किसी दूसरे सदस्य को साथी सदस्य के दिए अंकों की जानकारी हो पाएगी और न ही उसमें बदलाव की संभावना रहेगी। जाहिर है इस पारदर्शी प्रक्रिया को अपना जाने के बाद इंटरव्यू के दौरान अंकों में बदलाव की संभावना भी पूरी तरह शून्य हो जाएगी। आईजी ट्रेनिंग हिमांशु मिश्र ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए बनाए गए पोर्टल पर सभी जिलों की भर्ती कमेटियों के सदस्यों के लॉगइन बनाए गए हैं।