8 सितंबर को प्रदेश के 736 परीक्षा हाल में होने वाली परीक्षा की तैयारियों में जुटी हिमाचल पुलिस परीक्षा पहली बार जैमरों का उपयोग करने जा रही है। केंद्र की एक कंपनी की मदद से सभी परीक्षा हाल में जो जैमर लगाए जाएंगे, उन्हें संबंधित जिलों के एसपी खुद चेक करेंगे। पुलिस मुख्यालय की ओर से इस संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट और परीक्षा हाल पर दो बार परीक्षार्थियों की तलाशी ली जाए और उसके बाद ही हॉल में प्रवेश दिया जाए। साथ ही परीक्षा केंद्र के चारों ओर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं ताकि केंद्र के आसपास संदिग्धों की हलचल पर कार्रवाई की जा सके। हर परीक्षा केंद्र पर जिला भर्ती कमेटी का एक अधिकारी तैनात किया जाएगा।
खास बात यह है कि परीक्षा हॉल में ड्यूटी के लिए शिक्षा विभाग व निजी शिक्षण संस्थानों के कर्मियों के अलावा सिर्फ उन पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा जो यह लिखकर देंगे कि उनका कोई रिश्तेदार परीक्षा नहीं दे रहा है। परीक्षा के दौरान स्टाफ सेलेक्शन कमीशन और एचपी पब्लिक सर्विस कमीशन के मानकों को ध्यान में रखकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।