प्रदेश में मूसलाधार बारिश के चलते मटमैला पानी की सप्लाई हो रही है। जलजनित रोग बढ़ने की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को उबालकर पानी पीने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पंचायत स्तर पर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। वहीं, सरकार ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन अस्पताल में आने वाले पीलिया और डायरिया के मामलों की रिपोर्ट देने को कहा है।
मौसम को देखते हुए सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को पीलिया, डायरिया के अलावा डेंगू और स्क्रब टायफस, टायफाइड की भी रिपोर्ट मांगी गई है। इसमें प्रतिदिन कितने सैंपल लिए गए और कितने पॉजिटिव पाए गए, इसका विस्तृत ब्योरा मांगा गया है। स्वास्थ्य सचिव एम सुधा ने कहा कि प्रदेश में जलजनित रोग के चलते अलर्ट किया गया है। जिलों में दवाइयों की सप्लाई की गई है। लोगों को भी बीमारी के प्रति एहतियात बरतने को कहा जा रहा है।