पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए बुधवार को प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए जाएंगे।
पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव के लिए बुधवार को प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित कर दिए जाएंगे। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद 243 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। एक से अधिक नामांकन पत्र भरने के कारण छह नामांकन पत्र रद्द हो गए हैं। 13 सितंबर तक कुल 249 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। मतदान 29 सितंबर को सुबह 8:00 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
विज्ञापन
जिन पदों के लिए चुनाव होने हैं, उनमें 9 पद पंचायत प्रधान, 17 उपप्रधान, एक पंचायत समिति सदस्य, 2 जिला परिषद सदस्य और 112 पंचायत के वार्ड सदस्य शामिल हैं। नामांकन पत्रों की वापसी के तत्काल बाद चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की जाएगी। पंचायत प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्यों के मतों की गणना मतदान के तुरंत बाद पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी, जबकि पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य की मतगणना 30 सितंबर को संबंधित विकास खंड कार्यालय में सुबह 9:00 बजे शुरू होगी।