मणिमहेश यात्रा में 20 डॉक्टर श्रद्धालुओं के लिए रहेंगे तैनात
इस बार मणिमहेश यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलग-अलग पड़ावों पर 20 डाॅक्टर, 25 फार्मासिस्ट और 25 चतुर्थ कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। सात स्वास्थ्य शिविर यात्रा के दौरान संचालित रहेंगे। इसमें हड़सर, धन्छौ, सुंदरासी, गौरीकुंड और डल झील में लगने वाले शिविरों में एक डाक्टर, एक फार्मासिस्ट और चतुर्थ कर्मचारी तैनात रहेगा। जबकि, भरमाणी और किलाह के शिविरों में फार्मासिस्ट व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनकी ड्यूटी 25 अगस्त से शुरू होगी और 20 सितंबर तक रहेगी। हडसर, धनछौह, सुंदरासी, गौरीकुंड व डल झील पर एक सप्ताह की चार शिफ्टें होंगी। जबकि, भरमाणी और किलाह में दो शिफ्टों में ड्यूटी लगेगी। छोटा न्हौण से पहले रक्षाबंधन से पहले स्वास्थ्य कर्मी अलग-अलग पड़ावों पर मोर्चा संभालेंगे। खंड चिकित्सा अधिकारी दिवेश बराल ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के लिए डाॅक्टरों और जरूरी स्टाफ के लिए डिमांड उच्च अधिकारी को भेज दी गई है।