रेस्क्यू में जुटी एनडीआरएफ की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी जिले की दुर्गम ग्राम पंचायत सोझा के सरौर में मंगलवार को हुए हादसे के बाद बुधवार को एनडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू के लिए पहुंची। एनडीआरएफ की टीम ने सात वर्षीय मोहित और कार चालक प्रेम लाल का शव बरामद कर लिया है। जबकि सुरेंद्र कुमार की तलाश जारी है। हादसे के बाद सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल भी दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र में पहुंचे और प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। एनडीआरएफ की टीम से भी सौल खड्ड में लापता सुरेंद्र कुमार की तलाश के लिए त्वरित कार्रवाई अमल में लाने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की दुर्गम ग्राम पंचायत सोझा के सरोर गांव के निकट मंगलवार को एक कार करीब 400 फीट गहरी ढांक में लुढ़कने के बाद सौल खड्ड में जा गिरी थी। इस हादसे में कार में सवार पांच लोग खड्ड में बह गए थे।
कार में सवार चार लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। इनमें दादी प्रेमा देवी और चार साल की पोती परी का शव बरामद कर लिया गया था। पहले नवरात्र पर सभी लोग कार में सवार होकर पांगणा स्थित एक मंदिर में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार अनियंत्रित होकर सौल खड्ड में जा गिरी थी। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने दादी और पोती का शव बरामद कर लिया था।