आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा/उपायुक्त मंडी
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा की ओर से मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन के खिलाफ की गई विशेषाधिकार की शिकायत सरकार ने मुख्य सचिव संजय गुप्ता को पत्र भेजा है। इस पत्र में उपायुक्त मंडी से जवाब लेकर विधानसभा सचिवालय को भेजने को कहा गया है। इसमें उपायुक्त से मंत्री के प्रोटोकॉल के बारे में पूछा गया है। जवाब मिलने के बाद इसे आगामी कार्रवाई के लिए विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया इस पर निर्णय लेंगे कि इसे विशेषाधिकार समिति को भेजा जाए या नहीं।
गोमा ने डीसी मंडी अपूर्व देवगन के खिलाफ पिछले हफ्ते विधानसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन का नोटिस भेजा था। मंत्री ने उपायुक्त को गणतंत्र दिवस समारोह से एक दिन पहले उनके मंडी आगमन के दौरान अनपुस्थित रहने और प्रोटोकॉल की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। नोटिस में मंत्री गोमा ने कहा कि वह 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए मंडी पहुंचे थे। यह दौरा राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम से जुड़ा था। इसके बावजूद डीसी न तो खुद उपस्थित हुए और न ही उनकी ओर से किसी प्रकार की औपचारिक सूचना दी गई। वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं दी गई।