मनाली शहर के पास ढुंगरी में देवदार के घने पेड़ों के बीच पगौड़ा शैली से बुना अद्भुत हिडिंबा मंदिर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद है। यह वही स्थल है जहां हिडिंबा ने तप कर राक्षस रूप को त्याग कर देवी बनीं थीं। मां हिडिंबा का जन्म स्थान नागालैंड का दीमापुर माना जाता है। इस शहर को कभी हिडिंबापुर के नाम से जाना जाता था।
यहां रहने वाली डीमाशा जाति खुद को भीम और हिडिंबा का वंशज मानती हैं। मनाली का समीपवर्ती ढुंगरी वह गांव है जहां पर देवी ने तप किया। ढुंगरी में माता हिडिंबा का मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर का निर्माण 1553 ई. में कुल्लू के राजा बहादुर सिंह ने कराया था।