राशन लेकर मलाणा गांव के लिए रवाना हेलीकॉप्टर नहीं हो पाया लैंड
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मलाणा गांव के लिए राशन लेकर गया हेलिकॉप्टर शुक्रवार को लैंड नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने अपनी मेहनत से मलाणा में स्कूल के पास एक अस्थायी हेलीपैड का निर्माण किया है। दो बार हेलिकॉप्टर ने भुंतर से राशन लेकर मलाणा के लिए उड़ान भरी लेकिन यह कोशिश कामयाब नहीं हो पाई।
जिस स्थान पर अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है। वहां पर आसपास पेड़ हैं। ऐसे में हेलिकॉप्टर को यहां पर उतारना जोखिम भरा साबित हो सकता था। मलाणा में हेलिकॉप्टर न उतरने से लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा। गौर रहे कि मलाणा के लिए सड़क क्षतिग्रस्त है, जिसे ठीक करने में काफी वक्त लगेगा। ऐसे में लोगों के पास अब एकमात्र विकल्प हेलिकॉप्टर का बचा हुआ है।
शुक्रवार को अस्थायी हेलीपैड पर सुबह से लोग जुटना शुरू हो गए थे। सुबह दस बजे तक यहां पर काफी अधिक संख्या में भीड़ लग गई थी। मलाणा पंचायत के प्रधान राजू राम ने कहा कि मलाणा में हेलिकॉप्टर नहीं उतर पाया है। अब शनिवार को हेलिकॉप्टर को लैंड करवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जो कमी हेलीपैड में रह गई है, उसे दूर किया जा रहा है।
मलाणा के लिए राशन हेलिकॉप्टर में भेजने का प्रयास जारी है। शनिवार को मलाणा के लिए हेलिकॉप्टर भेजा जाएगा-
विकास शुक्ला, एसडीएम सदर