सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा की परीक्षाएं लेने के लिए डेटशीट स्कूल स्तर पर तैयार होगी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने मंगलवार को इस बाबत सभी जिला उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। 26 नवंबर के बाद एफए थ्री की परीक्षाएं लेने की मंजूरी दे दी गई है। परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र भी स्कूल स्तर पर ही शिक्षकों को स्वयं बनाने को कहा गया है। इस परीक्षा सहित फर्स्ट टर्म की परीक्षाओं के अंकों के आधार पर पहली से चौथी और छठी-सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को मार्च में अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा।
शीतकालीन स्कूलों वाले इन कक्षाओं के विद्यार्थियों को सरकार ने एक जनवरी 2021 से 12 फरवरी तक छुट्टियां देने का फैसला लिया है लेकिन इस दौरान ऑनलाइन पढ़ाई पहले की तरह जारी रहेगी। शीतकालीन छुट्टियों वाले स्कूलों में पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं मार्च में होंगी। इनके लिए प्रश्नपत्र स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा तैयार किए जाएंगे। परीक्षाएं लेने का जिम्मा शिक्षा विभाग का रहेगा। उधर, नौवीं से बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक साथ मार्च 2021 में ही होंगी।
नौवीं से बारहवीं कक्षा की पहली दिसंबर से होंगी परीक्षाएं
शिमला। सरकारी स्कूलों में नौवीं से बारहवीं कक्षा की पहली दिसंबर से सेकेंड टर्म परीक्षाएं शुरू होगी। समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से बीते दिनों इन कक्षाओं की परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी गई है। व्हाट्सएप के माध्यम से विद्यार्थियों को पासवर्ड से लॉक प्रश्नपत्र भेजे जाएंगे।
विशेष अवकाश का आज आखिरी दिन, कल से शुरू होगी ऑनलाइन पढ़ाई
शिमला। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में दिए गए विशेष अवकाश का बुधवार को आखिरी दिन है। सरकार ने 11 से 25 नवंबर से स्कूलों में विशेष अवकाश घोषित किया है। वीरवार से सरकारी स्कूल-कॉलेजों में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू होगी। पहले की तरह रोजाना विद्यार्थियों को व्हाट्सएप के माध्यम से शिक्षण सामग्री भेजी जाएगी। इसके अलावा दूरदर्शन और जियो टीवी के माध्यम से भी पढ़ाई करवाई जाएगी।