11:41 AM, 16-Mar-2022
पांच पुलिस कर्मचारी घायल
देवभूमि सवर्ण समाज संगठन की प्रस्तावित रैली व प्रदर्शन को लेकर देर रात करीब 12 बजे नाहन-शिमला मार्ग पर दोसड़का में पुलिस व संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस घटना में पांच पुलिस कर्मचारी के घायल हो गए। जानकारी के अनुसार देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ता शिमला में प्रस्तावित रैली व प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। नाहन से 9 किमी दूर पुलिस द्वारा लगाए नाके पर जैसे ही कार्यकर्ताओं को रोका गया। इससे अचानक ही टकराव की स्थिति पैदा हो गई। बता दें पुलिस ने दोसड़का में बैरिकेड लगाए हुए थे। इससे पहले देर शाम प्रदर्शन में हिस्सा लेने जा रहे कार्यकर्ताओं को श्री रेणुका जी में भी आगे न जाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन वहां से वह आगे बढ़ गए। इसके बाद दोसड़का में पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच सीधा टकराव हुआ। स्थिति अनियंत्रित होते देख पुलिस को भी बल का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प में 5 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं, तो वहीं पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। बताया जा रहा है कि शराब की खाली बोतलें व पत्थरों से पुलिस पर हमला किया गया। एसपी सिरमौर ओमापति जमवाल ने पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। इसकी आड़ में हमला करने वाले मौके से भाग गए। एसपी ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। पथराव में पुलिस के एक ट्रक व अन्य वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया है।