हिमाचल प्रदेश में एक साल में 10712 बच्चे कोरोना से संक्रमित हुए हैं। प्रदेश में अभी तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,57,862 है। 2241 कोविड संक्रमितों की जान जा चुकी है। इनमें से 18 साल से कम आयु के 7 बच्चों की मौत हुई है। लेकिन पिछले कुछ हफ्तों से बच्चे इस संक्रमण का ज्यादा शिकार होने लगे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के आंकड़ों के अनुसार 18 साल से कम आयु के सबसे ज्यादा 2963 बच्चे कांगड़ा में कोरोना से संक्रमित हुए हैं। मंडी में 1779, बिलासपुर में 1318, किन्नौर में सबसे कम 82, लाहौल में 143 बच्चे संक्रमित हुए हैं।
हमीरपुर में 1090, ऊना में 979, शिमला में 836, सिरमौर में 714, चंबा में 366, सोलन में 93 और कुल्लू में 349 बच्चे पॉजिटिव हुए हैं। चिकित्सकों की मानें तो 2021 में मार्च के बाद बच्चों में संक्रमण ज्यादा हुआ है। इससे पहले 18 साल से कम उम्र के गिने चुने बच्चे ही कोविड पॉजिटिव हो रहे थे। पिछले दो हफ्तों में बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में 18 साल से कम के संक्रमित बच्चों का आंकड़ा बढ़ा है। जिला बिलासपुर में 6 दिन में 307 बच्चे कोविड से संक्रमित हुए हैं।
सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने कहा कि बच्चे पहले भी संक्रमित हो रहे थे। लेकिन अब इनमेें पॉजिटिविटी रेट बढ़ा है। एनएचएम के निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि एक साल में कोविड से 18 साल से कम के 7 बच्चों की मौत हुई है। इनमें चार लड़कियां और तीन लड़के शामिल थे। कहा कि कोविड शुरू होने के बाद से प्रदेश में 10712 बच्चे कोविड से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 10705 ने कोविड को मात दी है लेकिन सात जिंदगी की जंग हार गए हैं।