राष्ट्रपति पद के लिए सोमवार को हिमाचल में भी मतदान होगा। चुनाव में प्रदेश के निर्वाचित विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेश विधानसभा के डॉ. वाईएस परमार पुस्तकालय हाल में मतदान के लिए व्यवस्था बनाई गई है। प्रदेश के सांसद अपने मताधिकार का प्रयोग नई दिल्ली में करेंगे।
विशेष परिस्थितियों में संसद सदस्य अन्य राज्य की राजधानी में भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। भाजपा, कांग्रेस के अलावा निर्दलियों को मिलाकर प्रदेश में 68 विधायक मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के लिए दोनों ही दलों की विधायक दल की बैठकें हो चुकी हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी मीरा कुमार और भाजपा के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद हिमाचल प्रदेश में अपना प्रचार कर चुके हैं। कांग्रेस के विधायकों की मतदान शुरू होने से पहले दोबारा विधायक दल की बैठक होने की संभावना है। पार्टी अपने विधायकों को मीरा कुमार के पक्ष में मतदान के लिए व्हिप जारी करेगी।
भाजपा के मुख्य सचेतक सुरेश भारद्वाज की ओर से भी व्हिप जारी किया जाएगा। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने चुनाव के लिए तमाम व्यवस्थाएं बना ली गई हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। राष्ट्रपति पद के अलावा उपराष्ट्रपति पद भी भरा जाना है। इसके लिए भी निर्वाचन प्रक्रिया आरंभ हो गई है।