प्रदेश के जिला मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र के स्कूल के एक प्रवक्ता पर छात्रा के साथ अश्लील बातें कर उसे मानसिक रुप से प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। छात्रा ने जब घर पहुंच कर इस बात की जानकारी परिजनों को दी तो उन्होंने स्कूल में जाकर यह मामला उठाया।
स्कूल प्रबंधन की ओर से इस घटना को गंभीरता से नहीं लेने पर परिजनों ने सोमवार शाम को सुंदरनगर थाना में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला संज्ञान में आते ही शिक्षक फरार हो गया है। उसकी धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ा गया है।
इधर, मामले के तूल पकड़ने के बाद बुधवार सुबह उप निदेशक उच्च शिक्षा मंडी अशोक कुमार, एसडीएम देवा श्वेता बानिक और पुलिस टीम स्कूल पहुंची और एसएमसी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
इसके बाद उप-निदेशक ने आरोपी प्रवक्ता को सस्पेंड कर दिया है। स्कूल के प्रधानाचार्य को फिलहाल वहां से हटाकर उसका हेडक्वार्टर मंडी उपनिदेशक कार्यालय कर दिया गया है।