जीटीवी के शो सारेगामापा लिटिल चैंप के तीसरे चरण में पहुंच चुकी कुल्लू की पायल ठाकुर अब मेगाराउंड में परफार्म करने को बेताब है। आंखों से नहीं देख पाने के बावजूद पायल ठाकुर ने पहले ऑडिशन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके बाद दूसरे राउंड में अपनी मधुर आवाज में भावुक गीत गाकर सारेगामापा लिटिल चैंप के जज नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और जावेद अली से वाहवाही लूटी। प्रतिभा के दम पर पायल को मेगाराउंड का टिकट मिल गया, लेकिन मेगाराउंड के लिए अभी तक पायल को नहीं बुलाया गया है।
शो आयोजकों की ओर से पायल बस एक फोन कॉल का इंतजार कर रही है। फोन कॉल आने के बाद पायल अपने परिजनों के साथ फिर से शो में हिस्सा लेगी। वहीं, सारेगामापा लिटिल चैंप के शो में फिर से परफार्म करने को लेकर पायल ठाकुर बेहद उत्सुक है।
बाकायदा पायल इन दिनों सूत्रधार कला संगम अकादमी में संगीत प्राचार्य पंडित विद्यासागर से संगीत की बारीकियां सीख रही है। वहीं परिजनों में भी पायल ठाकुर को लेकर खासा उत्साह है।
पायल ठाकुर की माता सुनीता ठाकुर ने कहा कि मेगाराउंड की तैयारी पूरी है, बस शो आर्गेनाइजर की ओर से कॉल आने का इंतजार है।
पायल के पिता तेविंद्र कुमार ठाकुर ने कहा कि पायल ठाकुर को जिला प्रशासन की ओर से 15 अगस्त को सम्मानित किया जा रहा है। इसकी उन्हें फोन पर सूचना दी गई है। वहीं, पायल ठाकुर ने कहा कि वह हर मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहती है।