फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाह ने भरी 'हुंकार'- 'वीरभद्र बताएं कहां गए 71 हजार करोड़, सेब की टोकरी में तो नहीं रख दिए'

Sat, 23 Sep 2017 10:45 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कांगड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
हिमाचल में चुनावी माहौल गरमाने नवरात्र पर मां बज्रेश्वरी की नगरी कांगड़ा पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निशाने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रहे।
विज्ञापन


नगर परिषद मैदान कांगड़ा में भाजयुमो की हुंकार रैली में उन्होंने सीएम से पूछा कि 14वें वित्तायोग के तहत केंद्र की ओर से हिमाचल को दिए अतिरिक्त 71 हजार करोड़ रुपये कहां हैं?

कहीं यह पैसा वीरभद्र सिंह ने सेब की टोकरी में तो नहीं रख दिया है। अपने 15 मिनट के भाषण में शाह ने वीरभद्र सिंह पर कई आरोप लगाए।

वीरभद्र ने इस्तीफा न देने की रीत बना ली

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हिमाचल की कभी इतनी बदनामी नहीं हुई, जितनी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने इस कार्यकाल में की है। भ्रष्टाचार के एक के बाद एक आरोप लगने के बावजूद वीरभद्र सिंह ने इस्तीफा न देने की रीत बना ली है। 

वे सीने पर भ्रष्टाचार के तमगे लगाकर जनता में घूम रहे हैं। अमित शाह ने मंच से मोदी सरकार की ओर से हिमाचल के लिए पिछले तीन सालों में बनाई गईं 106 विकासात्मक योजनाएं गिनाईं।

शाह ने आरोप लगाया कि 106 विकास योजनाओं के लिए पैसा जारी किया, लेकिन वीरभद्र सिंह ने जनता को इन योजनाओं का लाभ नहीं लेने दिया। 

बोले- हिसाब देने की बारी अब वीरभद्र सिंह की

वीरभद्र सिंह डरते थे कि यदि मोदी सरकार की इन योजनाओं का लाभ जनता को मिल गया तो उनकी कुर्सी चली जाएगी। शाह ने कहा कि मैंने हिमाचल की जनता को मोदी सरकार के काम का हिसाब दे दिया। अब जनता को हिसाब देने की बारी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की है।

10 साल के यूपीए के शासनकाल और प्रदेश सरकार के कार्यकाल में जनता को क्या मिला, इसका हिसाब तथ्यों के आधार दें, जैसे मैंने दिया। उन्होंने दोहराया कि शांता कुमार को पानी वाला सीएम, धूमल को सड़कें बनाने वाला मुख्यमंत्री और वीरभद्र की पहचान हिमाचल में भ्रष्टाचार करने वाले सीएम के रूप में बन गई है। 

मोदी की डबल स्पीड गाड़ी को पंक्चर करने में लगे सीएम

शाह ने कहा कि हिमाचल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास की गाड़ी डबल स्पीड से चलाई है, लेकिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह उसे पंक्चर करने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री केंद्र को सहयोग नहीं कर रहे, इसलिए हिमाचल में विकास रुक गया है। 

शाह ने कहा कि जब एक इंजन से गाड़ी न चले तो दूसरा इंजन गाड़ी में लगा देना चाहिए। हिमाचल की गाड़ी में केंद्र सरकार का इंजन तो लगा है अब इसमें भाजपा की प्रदेश सरकार का इंजन भी जनता को लगा देना चाहिए। इससे हिमाचल का विकास डबल स्पीड से होगा।
विज्ञापन

हर युवा पर 46 हजार रुपये का कर्ज

शाह ने कहा कि हिमाचल का राजस्व दिन प्रतिदिन कम हो रहा है। वीरभद्र सिंह ने हर युवा पर 46 हजार रुपये कर्ज का बोझ डाल दिया है। उन्होंने युवाओं से वीरभद्र सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। 

शाह ने कहा कि हिमाचल को केंद्र सरकार ने दर्जनों हाईवे और दो फोरलेन दिए, लेकिन वीरभद्र सरकार इसके लिए सर्वे तक नहीं करा पाई। जबकि केंद्र सरकार ने सर्वे के लिए 268 करोड़ रुपये दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें