कबड्डी संघ जिला शिमला के महासचिव जगदीश सूरी
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण स्तर के कबड्डी खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए प्रदेश कबड्डी संघ तैयारियां कर ली है। संघ प्रदेश में प्रो कबड्डी की तर्ज पर हिमाचल कबड्डी लीग आयोजित करेगा। कबड्डी संघ जिला शिमला के महासचिव जगदीश सूरी ने बताया कि इसके लिए प्रत्येक जिला से महिला और पुरुष वर्ग में 12-12 खिलाडियों की टीमों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला शिमला के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आठ (महिला वर्ग) और नौ (पुरुष वर्ग) अप्रैल को ठियोग में होंगे। ट्रायल के लिए अधिकतम आयु सीमा 18 वर्ष होगी। ट्रायल में भाग लेने वाले इच्छुक खिलाड़ी आधार कार्ड की प्रति एवं चार चार पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आएं। अधूरे दस्तावेजों के साथ खिलाड़ी को ट्रायल में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चयन के बाद प्रायोजकों द्वारा प्रो कबड्डी की तर्ज पर खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी।
त्रिकोणीय शृंखला के लिए हिमाचल की टीम का चयन
वहीं, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन फॉर दिव्यांग के सचिव नीरज सैनी ने उत्तराखंड में होने वाली त्रिकोणीय शृंखला के लिए टीम की घोषणा कर दी है। तीनों राज्यों की यह टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता देहरादून में होगी। इसके लिए हिमाचल की टीम का चयन कर दिया है। टीम के कप्तान कुल्लू के निहाल चंद होंगे। इसके अलावा टीम में शिमला जिला से अनिल हरजेट, यशवंत नेगी और रिंटू जसवाल, बिलासपुर से अनिल भारद्वाज, अंकित कुमार और मनोहर लाल को शामिल किया गया है। इसके अलावा मंडी से अजय ठाकुर, सोलन से गुरमीत धीमान, चंबा से संदीप कुमार और उरफान, कुल्लू से कृष्ण लाल और सिरमौर से रोहित का चयन हुआ है। टीम के साथ कुलदीप ठाकुर और करुण वर्मा ऑफिशल्स होंगे। 8 और 9 अप्रैल को देहरादून में होने वाले टूर्नामेंट में उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब की टीमें भाग लेंगी। हिमाचल की टीम पांच अप्रैल को देहरादून के लिए रवाना होगी।