वादी की ओर से कोर्ट को बताया गया कि वह बोलने और सुनने में असमर्थ हैं तथा कृष्णिया बीमारी और वृद्धावस्था के कारण वसीयत करने की स्थिति में नहीं थे। वहीं, चेत राम ने दावा किया कि वह कृष्णिया की सेवा करता था और उनकी जमीन पर खेती भी करता था। उसकी सेवा से खुश होकर कृष्णिया ने 20 जुलाई 1992 को उसके पक्ष में पंजीकृत वसीयत निष्पादित की थी।
हाईकोर्ट ने पाया कि वसीयत में कहीं भी कृष्णिया की पत्नी के साथ संबंधों का उल्लेख नहीं किया गया है और न ही उसे संपत्ति से बेदखल करने की कोई वजह बताई गई है।
कोर्ट के अनुसार, प्राकृतिक उत्तराधिकारी को विरासत से बाहर करने का कारण न बताना वसीयत की विश्वसनीयता पर गंभीर संदेह पैदा करता है। कोर्ट ने यह भी कहा कि भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 63 और साक्ष्य अधिनियम की धारा 68 के तहत वसीयत को कानूनी रूप से साबित करना जरूरी है। इसके लिए कम से कम एक गवाह को वसीयत के निष्पादन और निर्धारित प्रक्रिया की पुष्टि करनी होती है। इस मामले में गवाह यह साबित नहीं कर पाया कि कृष्णिया ने उसके सामने अंगूठा लगाया था और दूसरा गवाह जीत राम भी उस समय मौजूद था। इससे पहले 18 जनवरी 2008 को सिविल जज (सीनियर डिवीजन), कसौली ने वसीयत को सही मानते हुए पत्नी का दावा खारिज कर दिया था। हालांकि, 3 सितंबर 2008 को जिला न्यायाधीश सोलन ने इस फैसले को पलट दिया था। हाईकोर्ट ने भी निचली अपीलीय अदालत के फैसले में कोई त्रुटि नहीं पाई और चेत राम की द्वितीय अपील खारिज कर दी।