गौरतलब है कि 22 जून को सामाजिक कार्यकर्ता रजनीश शर्मा के नेतृत्व में छात्रों और अभिभावकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा सचिव राकेश कंवर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में कहा गया था कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जुखाला लगभग 34 बीघा भूमि पर विकसित एक प्रमुख शिक्षण संस्थान है, जहां भवन, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, सौर ऊर्जा संयंत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया था कि महाविद्यालय में तीन विधानसभा क्षेत्रों और तीन जिला परिषद वार्डों के 200 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें लगभग 98 प्रतिशत छात्राएं हैं। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विज्ञान और वाणिज्य संकाय को जारी रखना विद्यार्थियों के हित में आवश्यक बताया गया था।
कांग्रेस नेता राम लाल ठाकुर मुख्यमंत्री सुक्खू से मिलते हुए।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
नैना देवी और जुखाला कॉलेज में संकाय बहाली पर राम लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू का जताया आभार
पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम लाल ठाकुर ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर बिलासपुर जिले के राजकीय महाविद्यालय नैना देवी और राजकीय महाविद्यालय जुखाला में बंद किए गए संकायों को बहाल करने के फैसले पर उनका आभार व्यक्त किया।
राम लाल ठाकुर ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय नैना देवी में वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय तथा राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान (साइंस) और वाणिज्य संकाय को दोबारा शुरू किए जाने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे छात्रों और अभिभावकों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को उनके घर-द्वार के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है कि हिमाचल प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर स्थिति में पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र की रैंकिंग में गिरावट आई थी, जबकि वर्तमान सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।