राजधानी शिमला से सटे छराबड़ा में एक कंपनी अलकेमिस्ट के चेक पर खरीदी गई जमीन हिमाचल सरकार के नाम होगी। उपायुक्त शिमला की कोर्ट ने जमीन को बेनामी घोषित करते हुए प्रदेश सरकार में निहित करने के आदेश दे दिए हैं। करीब 30 बीघा यह जमीन मौजूदा समय में सोलन के एक व्यक्ति के नाम पर है लेकिन वर्ष 2010 में जब इस जमीन का सौदा छह करोड़ में हुआ तो पैसे का भुगतान अलकेमिस्ट इंफ्रा रियलिटी लिमिटेड कंपनी ने किया था। यह कंपनी टीएमसी के राज्यसभा सांसद केडी सिंह के परिवार से जुड़ी बताई जाती है।
इस संपत्ति के बेनामी होने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने इसकी जांच की थी। इसके बाद मामला उपायुक्त शिमला की कोर्ट में आया। सभी पहलुओं और तथ्यों को जांचने के बाद अब उपायुक्त ने फैसला दिया कि यह संपत्ति बेनामी है, लिहाजा इसे सरकार में निहित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही जमीन के खरीदार पर स्टांप ड्यूटी चोरी के मामले में कोर्ट ने 11 लाख की रिकवरी का नोटिस भी जारी किया है।