केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचे, इसके लिए जयराम सरकार ने नई पहल की है। सरकार जन अधिकार पुस्तिका तैयार करने जा रही है।
योजनाओं का लाभ कैसे मिलेगा, कहां आवेदन करना होगा और लाभ लेने को क्या पात्रता होगी? इन जानकारियों को पुस्तिका में शामिल किया जाएगा। सरकार इस पुस्तिका को राशन डिपो और पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध करवाएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट भाषण में जन अधिकार पुस्तिका तैयार करने की घोषणा की है। इसी कड़ी में योजना विभाग ने प्रदेश के सभी प्रशासनिक सचिवों सहित विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर अगले 15 दिन के भीतर अपने-अपने महकमों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने को कहा है।
जन अधिकार पुस्तिका के माध्यम से बताया जाएगा कि केंद्र और राज्य सरकार ने कौन सी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इनके क्या उद्देश्य और विशेषताएं हैं। कौन इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। सहायता का ब्योरा क्या रहेगा।
सहायता लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया क्या रहेगी। आवेदन की प्रति कहां प्राप्त होगी। लाभ लेने के लिए वांछित दस्तावेज क्या रहेंगे। आवेदन जमा करने का स्थान और संपर्क सूत्र कौन होंगे। यह सभी जानकारियों पुस्तिका के माध्यम से प्रदेश की जनता को मुहैया करवाई जाएगी।