अब आपका ड्राइविंग लाइसेंस ही आपकी ड्राइविंग प्रोफाइल तैयार करेगा। सूबे में अब डिजिटल आरसी और लाइसेंस बनाए जाएंगे। इन्हें आधार कार्ड से लिंक किया जाएगा। डिजिटल लाइसेंस में अब हर चालान की एंट्री भी होगी। इससे चालक की प्रोफाइल तैयार होगी।
चालक की इस प्रोफाइल की लाइसेंस रिन्यूवल के समय समीक्षा होगी। सरकार ने हाइटेक आरसी और लाइसेंस बनाने की कवायद शुरू कर दी है। वाहनों की खरीद-फरोख्त तथा लाइसेंसिंग प्रक्रिया में और अधिक पारदर्शिता लाने को सरकार यह कदम उठा रही है। सड़क पंजीयन एवं राजमार्ग मंत्रालय वाहन सॉफ्टवेयर में बदलाव कर रहा है।
इससे अब वाहन मालिकों को हाइटेक आरसी मिलेगी। वाहन सॉफ्टवेयर को 1.0 से 4.0 में अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा सरकार ने लाइसेंसिंग प्रक्रिया के उपयोग किए जाने वाले सारथी सॉफ्टवेयर में बदलाव कर दिए हैं। सारथी सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जा रहा है। अब लाइसेंस में डिजीटल चिप लगेगी।
चालान की होगी एंट्री: आरटीओ
आरटीओ मंडी डॉ. मुरारी लाल शर्मा ने कहा कि आरसी और लाइसेंस में अब डिजीटल चिप लगेंगे। इससे प्रक्रिया में फ्रॉड की संभावना शून्य हो जाएगी। इसे आधार कार्ड से भी लिंक किया जाएगा। लाइसेंस में चिप के माध्यम से चालान की एंट्री भी होगी।
सॉफ्टवेयर होंगे अपग्रेड
वाहन पंजीयन एवं अनुज्ञापन अधिकारी एवं एसडीएम सदर डॉ. मदन कुमार ने कहा कि वाहन सॉफ्टवेयर में बदलाव किए जा रहे हैं। 1.0 से 4.0 में इस सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जा रहा है। इससे अब आरसी पर डिजिटल चिप लगाई जाएगी।