फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम ने दिया बड़ा तोहफा, यहां पर हिमाचल का पहला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का रास्ता साफ

Mon, 11 Jun 2018 09:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मंडी
विज्ञापन
विज्ञापन

मंडी के बल्ह में हिमाचल का पहला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ने सर्वे के बाद बल्ह के नेरचौक से नागचला तक की नई साइट को फाइनल कर दिया है। यहां पांच किमी लंबा रनवे बनने की संभावना है।

विज्ञापन


दूसरे सेटेलाइट सर्वे के लिए केंद्रीय टीम जल्द ही क्षेत्र का दौरा करेगी। सीएम ने दावे से कहा कि सेटेलाइट सर्वे के बाद इस साइट को एक सप्ताह के भीतर फाइनल कर दिया जाएगा। बता दें कि बल्ह घाटी मिनी पंजाब के नाम से मशहूर है।

यहां बड़ी मात्रा में नकदी फसलें होती हैं। प्रारंभिक सर्वे के अनुसार क्षेत्र के करीब 11 मुहाल और करीब 1200 घर इसकी जद्द में आएंगे। इनमें प्रमुख मुहाल जरलू, कुम्मी, तावा, रिंज, सियाहा, मझियाटल, डडौर, ढावण, ढुगराई, भौर, कनैड़ आदि शामिल हैं। मौजूदा समय में इस उपजाऊ जमीन के 20 से 25 लाख बिस्वा रेट मिल रहे हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

इस तरह पड़ी साइट पर नजर

मंडी में पत्रकारों से बातचीत में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि एयरपोर्ट के निर्माण से लोगों को विस्थापन की मार झेलनी पडे़गी, लेकिन प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूबे में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने प्रभावितों लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि हिमाचल में बड़े विमान उतर सकें।

सीएम ने कहा कि पहले यहां एयरपोर्ट की कवायद विफल होने का कारण धुंध रहा है। बल्ह में धुंध की समस्या तीन माह रहती है। धुंध में लैंडिंग के लिए दिल्ली एयरपोर्ट की आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होगा। धुंध के कारण बेशक थोड़ी-बहुत देरी हो, लेकिन विमान उतरेंगे जरूर। 

पिछले माह एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ने पांच साइटों का निरीक्षण किया। इसमें पहले बल्ह में नेरढांगू के पास और फिर चार अन्य साइटों का सर्वेक्षण किया। बाकी स्थानों पर बड़े हवाई अड्डे की संभावना नगण्य दिखी।

वहीं, जब यह टीम मौवीसेरी की साइट देखने गई थी तो वहां से बल्ह घाटी की नागचला तक की नई साइट पर नजर पड़ी थी। सीएम ने कहा कि नई साइट पर बड़ा एयरपोर्ट बनाने की संभावना है, इसलिए इस साइट को फाइनल किया जा रहा है।

वैष्णो देवी की तर्ज पर मनाली-रोहतांग को हेली टैक्सी

सीएम ने कहा कि वैष्णो देवी की तर्ज पर मनाली से रोहतांग के बीच हेली टैक्सी शुरू होगी। तीन हेली टैक्सी के रूप में सरकारी हेलीकाप्टर सेवाएं देंगे। उड़ान योजना-द्वितीय के लिए जल्द एमओयू साइन होगा।

शिमला के ऐतिहासिक स्थानों पर लाइट एंड साउंड से संबंधित कई कार्यक्रम होंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सेब कटान मामले को लेकर सरकार ने हाईकोर्ट में पक्ष रखा है। प्रदेश सरकार हर कठिन परीक्षा में अब तक पास हुई है।  

शिमला की दुर्दशा के लिए कांग्रेस और कामरेड जिम्मेदार- जयराम ने कहा कि शिमला की दुर्दशा के लिए कांग्रेस और कामरेड जिम्मेदार हैं। पानी की समस्या के समाधान के लिए पूर्व सरकार ने कोई बेहतर और लंबी योजना नहीं बनाई। इस बार सूखे के कारण पेयजल संकट हुआ है। प्राकृतिक आपदा पर राजनीति सही नहीं है।

वेटरनरी फार्मासिस्ट का पदनाम बदलने पर करेंगे विचार

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि सरकार शीघ्र ही वेटरनरी फार्मासिस्टों को पुन: पदनामित करने पर निर्णय लेगी। इन्हें पंजाब सरकार के पशु चिकित्सा निरीक्षकों की तर्ज पर बदलने के अतिरिक्त अन्य व्यवहारिक मांगों पर निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वेटरनरी फार्मासिस्टों के पदनाम को बदल कर इसे वेटरनरी इंस्पेक्टर करने को लेकर पशुपालन विभाग से रिपोर्ट तलब की है। ये बात उन्होंने सुंदरनगर में जिला पशुपालन कर्मचारी संघ की ओर से आयोजित समारोह में कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीणों के सामाजिक, आर्थिक कल्याण पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि राज्य समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर सके। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुंदरनगर के लिए पार्किंग के प्रथम चरण की नींव भी रखी। इसके निर्माण पर 6.36 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने 1.79 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उपमंडल चिकित्सा अस्पताल सुंदरनगर में कुक्कुट पालन किसान प्रशिक्षण केंद्र की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर पशुपालन कर्मचारी संघ जिला मंडी ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 21,000 रुपये का चेक भेंट किया। विधायक सुंदरनगर राकेश जंवाल ने मुख्यमंत्री को सुन्दरनगर निर्वाचन क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए धन्यवाद किया। संघ के जिला अध्यक्ष रवि पाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री के समक्ष संघ की मांगों को उठाया। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दंत चिकित्सक नियुक्त करने के होंगे प्रयास

स्वास्थ्य केंद्रों में दंत चिकित्सक नियुक्त करने के प्रयास किए जाएंगे। हमाचल डेंटल कालेज के रजत जयंती स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव के दौरान सीएम जयराम ठाकुर ने यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव चिकित्सक के जीवन का हिस्सा होना चाहिए। उनके पास जो भी मरीज आए उसका सम्मान के साथ उपचार करना चाहिए। सिर्फ रुपया कमाना ही मकसद नहीं होना चाहिए। 

मुख्यमंत्री जयराम ने कालेज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। उनसे सम्मान पाने वालों में अक्षय शर्मा, अक्षित वरमानी, आयुषी सिंगला, मृणाल जिंदल, सहरिष मलहान, स्वींकी शर्मा, पूजा मल्होत्रा, कोमल समीर, सिद्धार्थ शर्मा, अभिनव मोगरा, अलका देवी, रिजुता महाजन, प्रियंका जंवाल व आस्था रडोत्रा शामिल रहे।

इस मौके पर कालेज के निदेशक डॉ. विकास जिंदल, प्रशासनिक अधिकारी अशोक शर्मा, उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर, मंडल भाजपा के अध्यक्ष बरागी राम, महामंत्री जितेंद्र शर्मा, मीडिया प्रभारी महेंद्र ठाकुर, मुकेश चंदेल, घनश्याम वर्मा, भूपेंद्र ठाकुर सहित विभागों के अधिकारी भी मौजद रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कालेज परिसर में पौधारोपण किया और सात दिवसीय रजत जयंती समारोह का दीप प्रज्ज्जवलन कर शुभारंभ भी किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें