प्रत्याशियों से बातचीत करते एसडीएम नवीन तंवर।
- फोटो : संवाद
छठे राउंड की मतगणना के दौरान कांगड़ा के बहुतकनीकी संस्थान में अचानक भगदड़ मच गई। कॉलेज के प्रशासनिक भवन की तीसरी मंजिल में हो रही मतगणना के बीच अचानक बचाओ बचाओ की आवाजें गूंजने लगी। बताया जा रहा है कि काउंटिंग के दौरान वहां फर्श की कुछ टाइलें तिड़कने लगी और वहां भगदड़ का माहौल बन गया।
मामला करीब सवा बारह बजे का है। कुछ देर बाद एसडीएम और आरओ नवीन तंवर बाहर आए और काउंटिंग दोबारा शुरू करवाने के लिए बाहर खड़े प्रत्याशियों और काउंटिंग एजेंटों को वापस आने को कहा। भाजपा प्रत्याशी के काउंटिंग एजेंट दोबारा चलने को तैयार हो गए, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र काकू, आप के अधिकारिक एजेंट, आजाद प्रत्याशी कुलभाष चौधरी एवं आजाद प्रत्याशी अमित वर्मा ने इस मामले पर सवाल खड़े करते हुए मतगणना स्थल पर जाने से मना कर दिया।
सुरेंद्र काकू ने आरोप लगाया कि ईवीएम की कुछ मशीनें नीचे गिरी हैं, उन्हें अब इस मतगणना की आशंका है। वहीं प्रत्याशियों और उनके एजेंटों ने भी वापस जाने से मना कर दिया। मामले की सूचना मिलने पर जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल भी मौके पर पहुंचे और बाहर खड़े प्रत्याशियों को समझाया कि वे पास आएं और मतगणना प्रक्रिया में बैठें।
बावजूद इसके मतगणना प्रक्रिया का विरोध कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र काकू, आजाद प्रत्याशी कुलभाष चौधरी, आजाद प्रत्याशी अमित वर्मा का कहना है कि काउंटिंग के दौरान भवन में जो भी कमियां रहीं और जिस तरह की भगदड़ मची इसमें पूरी तरह से प्रशासन की नाकामी है।
जिस तरह से वहां भगदड़ मची और सबसे पहले कर्मचारी और अधिकारियों ने ही भागने की बात कही और वह सब उस भवन से बाहर निकल आए। उसके बाद मशीनों और पोस्टल बैलट पेपर के साथ कोई छेड़छाड़ न हुई हो इसका क्या भरोसा है? इस घटनाक्रम को लेकर करीब दो घंटे तक मतगणना रूकी रही। बाहर खड़े प्रत्याशियों के विरोध और बहिष्कार के बाद भी काउंटिंग जारी रही।