स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता रहे दिवंगत श्याम सरण नेगी के निधन के बाद परिवार के सभी सदस्यों और कल्पा गांव के लोगों ने शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि देकर उनके सपने को पूरा किया। गांव के लोगों ने सुबह से लेकर शाम तक मतदान करने के लिए बढ़चढ़ कर भाग लिया। प्रथम मतदाता के पोलिंग बूथ-51 में 972 मतदाता हैं जिसमें से 715 मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया । नेगी पोलिंग बूथ में बुजुगों, महिलाओं और युवाओं में मतदान को लेकर काफी उत्साह और जोश देखा गया।
माताओं ने किया मतदान, बाल देखभाल केंद्रों में छोटे बच्चों की हुई पूरी देखभाल
मतदान के दिन छोटे बच्चों और उनकी माताओं की सुविधा के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय किन्नौर ने विशेष पहल करते हुए इस बार विभिन्न 87 मतदान केंद्रों पर बाल देखभाल केंद्र स्थापित किए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने पुलिस अधीक्षक विवेक चाहल के साथ आदर्श मतदान केंद्र कल्पा का निरीक्षण किया तथा मतदाताओं को अपने मत का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मतदान केंद्र कल्पा में स्थापित बाल देखभाल केंद्र का भी निरीक्षण किया। शनिवार को अपने छोटे छोटे बच्चों के साथ मतदान करने पहुंचीं महिलाओं के लिए यह एक अलग अनुभव रहा। मतदान केंद्रों पर अलग से स्थापित बाल देखभाल केंद्र में बच्चों के लिए दूध,पानी, खिलौने और अन्य सुविधाएं पाकर महिलाओं ने काफी राहत महसूस की।