हिमाचल प्रदेश में शनिवार को कोरोना से आठ और लोगों की मौत हो गई, जबकि 1714 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। शिमला, चंबा और कांगड़ा जिले में 2-2 लोगों की मौत हो गई, वहीं ऊना और कुल्लू में 1-1 मरीज की जान गई है। उधर, ऊना जिले में सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खोलने और बंद करने को लेकर लगाई गई बंदिशों को हटा दिया गया है। उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि कोविड के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए जिला की सीमा के भीतर दुकानों, बाजार, बाजार परिसर और मॉल को शाम 6:30 बजे तक खुले रखने की समय सीमा निर्धारित की थी।
प्रदेश में कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या 9453 है। अब तक प्रदेश में कुल 269291 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 255848 ठीक हो गए हैं। 3969 की मौत हुई है। बीते 24 घंटों में 2005 मरीज ठीक हुए और इस दौरान कोरोना की जांच के लिए 10579 लोगों के सैंपल लिए गए। बिलासपुर जिले में 676, चंबा 270, हमीरपुर 861, कांगड़ा 1658, किन्नौर 203, कुल्लू 373, लाहौल-स्पीति 27, मंडी 1247, शिमला 1254, सिरमौर 824, सोलन 1153 और ऊना में 907 सक्रिय मामले हैं।
सीडीएल अब तक जारी कर चुका 193 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज
कोरोना के खिलाफ जंग में सेंट्रल ड्रग्स लैबोरेटरी (सीडीएल) कसौली अब तक कोविशील्ड, कोवैक्सीन, स्पुतनिक-वी, जायकॉव-डी, जॉनसन एंड जॉनसन, कोवोवैक्स और कॉर्बोवैक्स के करीब 193 करोड़, नौ लाख, 39 हजार 177 वैक्सीन डोज जारी कर चुका है। इनमें दूसरे देशों को जारी होने वाली डोज भी शामिल हैं। दिसंबर में वैक्सीन के बैच जारी करने का आंकड़ा 187 करोड़ था, जो अब तेजी से बढ़ता जा रहा है। इनमें सबसे अधिक सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड शामिल है। उप सहायक निदेशक सुशील साहू ने बताया कि वैक्सीन के परीक्षण को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है।