कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को 42 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। कांगड़ा जिले में 16 संक्रमितों की मौत हुई है।शिमला जिले में सात संक्रमितों ने दम तोड़ा। इनमें से पांच की आईजीएमसी, एक डीडीयू व एक अन्य की रोहड़ू में मौत हो गई। इसके अलावा सोलन में छह, सिरमौर पांच, ऊना चार, चंबा दो, मंडी और किन्नौर में एक-एक संक्रमित की मौत हुई है। उधर, प्रदेश में रिकॉर्ड 3079 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से कांगड़ा जिले में 669, सोलन 524, मंडी 537, सिरमौर 338, शिमला 316, हमीरपुर 199, बिलासपुर 146, ऊना 101, चंबा 98, कुल्लू 63, लाहौल-स्पीति 63 और किन्नौर में 25 नए पॉजिटिव आए हैं।
कहां कितने सक्रिय केस
इसके साथ ही प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 102038 पहुंच गया है। इनमें से अब तक 80534 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले अब 19928 हो गए हैं और 1512 संक्रमितों की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 1243, चंबा 694, हमीरपुर 1663, कांगड़ा 4969, किन्नौर 196, कुल्लू 624, लाहौल-स्पीति 281, मंडी 2028, शिमला 2077, सिरमौर 2044, सोलन 2943 और ऊना जिले में 1166 पहुंच गई है। बीते 24 घंटों में 1220 संक्रमित ठीक हुए हैं। इस दौरान कोरोना की जांच के लिए 10804 लोगों के सैंपल लिए गए।
भट्टाकुफर नर्सिंग कॉलेज की 15 छात्राएं पॉजिटिव, बनाया कंटेनमेंट जोन
शिमला के भट्टाकुफर स्थित एक नर्सिंग कॉलेज की 15 छात्राओं के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लिहाजा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। जिला निगरानी ऑफिसर डॉ. राकेश भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नर्सिंग कॉलेज की छह छात्राओं की रिपोर्ट सुबह के समय पॉजिटिव आई थी। लिहाजा अन्य छात्राओं के भी सैंपल लिए गए। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग इन सभी छात्राओं की स्वास्थ्य पर निगरानी बनाए हुए है। वहीं, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के दो लैब टेक्नीशियन कोरोना पॉजिटिव आ गए हैं। इसके चलते प्राइमरी कांटेक्ट में आए अन्य कर्मचारी क्वारंटीन हो गए हैं। कर्मचारियों के लगातार पॉजिटिव आने से अब लैब बंद होने की कगार पर पहुंच गई है।
लेकिन बढ़ने लगे टीका लगवाने वाले...
बीते एक महीने में शिमला के ग्रामीण इलाके में कोरोना का टीका लगवाने वाले लोगें की संख्या में इजाफा हुआ है। पीएचसी कुफरी के चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि पहले लोग झिझक रहे थे मगर अब टीका लगवाने के लिए आ रहे हैं।