प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार से लोगों का विश्वास उठ गया है। सरकार के 9 महीने के कार्यकाल में जनता को राहत की बजाय महंगाई के तोहफे दिए गए।
इसका प्रणाम यह भी है कि गत दिनों राजगढ़ में हुए बीडीसी के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनावों में कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत हुई। भाजपा सरकार ने इन सीटों पर कब्जा करने के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन जनता ने सरकार की जुमलों को नकार दिया। चौहान ने यह जानकारी प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा में जिला परिषद उपाध्यक्ष पद पर भी हाल ही में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई थी। इससे साफ है कि सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री अपने लिए फाच्यूर्नर खरीद रहे हैं लेकिन जनता को किराये के बोझ में दबा दिया है।
मुख्यमंत्री ने निजी बस ऑपरेटरों की एक दिन की हड़ताल से किराया बढ़ाने की घोषणा कर दी। इस समय जयराम सरकार के जनविरोधी निणयों की हर वर्ग आलोचना कर रहा है। सरकार जनहित में बस किराए में की गई बढ़ोतरी संबंधी फैसले पर पुनर्विचार करे।
प्रदेश कांग्रेस 8 अक्तूबर को बस किराए, डीजल-पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदेश स्तर पर धरना देगी। स्कूल वर्दी योजना के तहत अब तक कितने बच्चों को वर्दी दी, उड़ान योजना में कितने लोगों ने सफर किया, सरकार इसका ब्योरा दे।