एआईसीसी महासचिव और हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला ने हिमाचल कांग्रेस में बदलाव के सवाल पर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाकर बैठक ली और उनके विचार जानें। सोनिया गांधी लोकतांत्रिक तरीके पर विश्वास करती हैं। शीर्ष नेतृत्व ही ऐसे मामलों में अंतिम फैसला लेता है।
हिमाचल में आम आदमी पार्टी से चुनाव में कोई असर नहीं पड़ेगा। थोड़ी बहुत वोटें ही कटेंगी। 6 अप्रैल को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हिमाचल दौरे से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, केजरीवाल तो 2 अप्रैल को गुजरात भी जा रहे हैं। कांग्रेस शिमला नगर निगम और विधानसभा चुनाव दमदार तरीके से लड़ेगी और कांग्रेस जीत हासिल करेगी।
राजीव शुक्ला ने बुधवार को शिमला नगर निगम चुनाव की समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले नगर निगम शिमला के चुनाव कांग्रेस की जीत के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस साल के अंत में प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी होने है। आगे भी कांग्रेस को अपनी जीत का सिलसिला जारी रखना है। सभी को एकजुटता के साथ काम करते हुए मैदान में उतरना है।
जिसे जो भी जिम्मेवारी दी जाए, उसे उन्हें पूरी ईमानदारी से पूरा करना होगा। सह प्रभारी तजेंद्र सिंह बिट्टू ने कहा कि यह चुनाव सबके लिए एक परीक्षा की घड़ी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधीर शर्मा, डा. कर्नल धनीराम शांडिल, रामलाल ठाकुर, राजेंद्र राणा, कुलदीप कुमार, हर्ष महाजन, कांग्रेस महासचिव संगठन रजनीश किमटा, समिति के सदस्य आदर्श सूद, हरिकृष्ण हिमराल, महेश्वर चौहान, हरीश जनारथा, यदुपति ठाकुर, जैनब चंदेल, अनुराग शर्मा, जितेंद्र चौधरी, यशवंत छाजटा तथा अन्य नेता मौजूद रहे।