हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने नशाखोरी के मामले में कठोर कानून बनाने की वकालत की है। सरकार से विधानसभा के मानसून सत्र में इस दिशा में सख्त कानून बनाने के लिए बिल लाने की मांग भी की है। सरकार विधानसभा के मानसून सत्र में बिल लेकर लाए, जिससे कि नशा तस्करों पर कार्रवाई हो सके। प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस मसले पर पूरी तरह सरकार के साथ है।
मंगलवार सुबह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला। नशाखोरी रोकने सहित अन्य अहम मुद्दों पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को ज्ञापन भी सौंपा। सीएम से नशे के कारोबार में लगे लोगों की संपत्ति जब्त करने की मांग की है।
नशे का कारोबार करते हुए जो भी पकड़ा जाए उसकी कम से कम एक वर्ष तक जमानत न हो। सिंथेटिक ड्रग्स अगर प्रदेश में बेचने का काम कोई केमिस्ट कर रहा है तो उसका लाइसेंस रद किया जाए। प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग्स के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सांठगांठ की भी जांच हो।
यह पता लगाना जरूरी है कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से तो ड्रग्स का कारोबार देवभूमि हिमाचल में नहीं फलफूल रहा। ड्रग्स के कारोबार में शामिल अधिकारियों की प्रमोशन रोकी जाए। कांग्रेस ने मांग की है कि नशे के कारोबार में लगे जिन लोगों पर प्रदेश में दो से तीन मामले पुलिस में दर्ज हैं, सरकार उनकी संपत्ति जब्त करे। फार्मास्यूटिकल कंपनियों की जांच भी होनी चाहिए कि कहीं बिना लाइसेंस ये सिंथेटिक ड्रग्स का उत्पादन व वितरण तो नहीं कर रही हैं।
योजनाओं का नाम बदला तो सड़क से सदन तक विरोध करेंगे
प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम से चल रही योजनाओं के नाम न बदले जाएं। योजनाओं का नाम बदलना लोकतंत्र में उचित नहीं है और यह गलत परंपरा होगी। सरकार राजीव गांधी का नाम योजनाओं से हटाने के बजाय नई योजनाएं नए नाम से शुरू करे। राजीव गांधी का नाम हटाने की कोशिश हुई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक भारी विरोध करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रामलाल ठाकुर, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, विनय कुमार, प्रदेश महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, नरेश चौहान, संजय अवस्थी, पूर्व सीपीएस रोहित ठाकुर, सोहन लाल, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, प्रदेश प्रवक्ता संजय चौहान, पीसीसी सदस्य महेंद्र चौहान, रितेश कपरेट, शिमला शहरी के अध्यक्ष प्रदीप भुजा, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर मौजूद रहे।