सुक्खू ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार किया जाए। चारों संसदीय क्षेत्रों में ‘हिसाब दें सांसद-जबाव दें सांसद’ अभियान के तहत कार्यकर्ता सम्मेलन किए जाएंगे।
इनमें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी सुशील शिंदे, सह प्रभारी रंजीता रंजन, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और सभी पूर्व मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। चारों संसदीय क्षेत्रों में सम्मेलनों के बाद राज्य स्तरीय सम्मेलन होगा। बैठक में कांग्रेस महासचिव तथा विधायक रामलाल ठाकुर, महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, नरेश चौहान मौजूद रहे।
कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि जनता भाजपा सांसदों से चार साल का हिसाब मांगेगी। केंद्र की मोदी सरकार के इस मई में चार साल पूरे होने जा रहे हैं। इस दौरान सांसद हिमाचल के लिए कौन सी बड़ी परियोजना लाए, उन्हें जनता को बताना होगा। भाजपा के जनता के साथ चुनाव से पहले के सब वादे कोरे ही साबित हुए हैं।
हिमाचल की चार हजार करोड़ रुपये की सेब इंडस्ट्री को बचाने के लिए क्या किया? सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने के वादे कहां गुम हो गए? नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन एक साल में बनकर पूरी क्यों नहीं हुई?
लेह तक रेलवे लाइन पहुंचाने का वादा क्यों भूल गए? भानुपल्ली-बिलासपुर लाइन कागजों से आगे क्यों नहीं बढ़ पाई? अंब-नादौन-सुजानपुर-पालमपुर और ऊना-हमीरपुर लाइन का सर्वे क्यों नहीं हुआ?