प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन का फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से सिंगल लाइन का प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को भेजा जा रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री हाईकमान से मिलने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं।
कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में संभावित उम्मीदवारों के साथ चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श किया गया। पार्टी के सह प्रभारी संजय दत्त ने नेताओं से एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने और सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए जनविरोधी नीतियों व निर्णयों को जनता के बीच जाकर उजागर करने के लिए कहा है।
राठौर ने कहा कि यह उपचुनाव कांग्रेस के लिए सेमीफाइनल है और इसी आधार पर अगले साल 2022 में विधानसभा चुनावों के फाइनल में भी शानदार जीत हासिल करेंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि यह उपचुनाव कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा के चुनाव हैं। प्रदेश में कांग्रेस के लिए परीक्षा की घड़ी है। इसमें सभी नेताओं को सफल होना होगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में आशा कुमारी, सुधीर शर्मा, कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, रामलाल ठाकुर, सुखविंदर सिंह सुक्खू, हर्ष महाजन, रजनीश किमटा के अतिरिक्त अनुराग शर्मा, जैनब चंदेल, नेगी निगम भंडारी, छतर सिंह ठाकुर और हरदीप सिंह बावा मौजूद रहे।